East Champaran:- पूर्वी चंपारण जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। मामला पीपरा कोठी थाना क्षेत्र के झखरा गांव का है। मृतका की पहचान डुमरिया घाट थाना क्षेत्र के खेदलपुरा गांव निवासी सुबोध मांझी की 30 वर्षीय पत्नी मालती देवी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मालती देवी की शादी करीब सात साल पहले सुबोध मांझी से हुई थी, लेकिन वह शादी के बाद भी अधिकतर मायके में ही रहती थी। दंपति का एक पांच वर्षीय बेटा भी है। बताया जा रहा है कि सुबोध मांझी करीब पांच दिन पहले ससुराल आया था, जहां उसने अपनी पत्नी को एक अन्य व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इस बात से बुरी तरह आहत होकर उसने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से मालती की बेरहमी से हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। महज दो घंटे के अंदर ही मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनकट से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी पति ने अवैध संबंध के कारण पत्नी की हत्या की है। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भी भय और गुस्से का माहौल है।

