Palamu News:- पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के सलतुआ बहेरा कला गांव में रविवार देर शाम एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 25 वर्षीय पूजा कुमारी के रूप में की गई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
परिजनों के मुताबिक, पूजा की शादी लगभग छह महीने पहले हुई थी। मायके वालों ने दावा किया कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका के भाई बिमलेश कुमार सिंह ने पति, सास, देवर और चाची पर मिलकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि दहेज न मिलने के कारण लगातार मारपीट की जाती थी और रविवार को भी इसी विवाद के बाद उसकी बहन की जान ले ली गई।
घटना के दिन पूजा का पति हरेन्द्र घर से बाहर गया हुआ था। लौटने पर पत्नी ने देरी का कारण पूछा, जिस पर हरेन्द्र ने गुस्से में उसकी पिटाई कर दी। इससे आहत होकर पूजा पहले गांव के कुएं में कूद गई, मगर ग्रामीणों द्वारा उसे बचा लिया गया। इसके बाद उसे घर लाया गया, जहां मौका पाते ही पूजा ने कमरे में बंद होकर फांसी लगा ली। परिवार ने दरवाजा तोड़ा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही चैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया। एमएमसीएच पुलिस चौकी की सहायक अवर निरीक्षक पुष्पा डोडराय ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।
इधर, पति हरेन्द्र ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मामूली विवाद के बाद पूजा ने अतिवादी कदम उठाया है। उसने दावा किया कि पूजा का किसी के साथ प्रेम संबंध था और वह कई बार उसे बातचीत करते पकड़ा गया। हरेन्द्र ने यह भी बताया कि पूजा ने गुस्से में दो मोबाइल फोन भी तोड़ दिए थे।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है। घटना दहेज उत्पीड़न, पारिवारिक विवाद और खुदकुशी के बीच उलझी हुई प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

