Patna News:- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में रविवार को हुए दिल दहला देने वाले सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहशत और गुस्से से भर दिया। कोटवा थाना क्षेत्र के दीपउ मोड़ के पास एक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने सड़क किनारे खड़े पांच लोगों को बेरहमी से कुचल दिया, जिससे सभी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा नेशनल हाइवे-27 पर हुआ, जहां दुर्घटना के बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और पांचों शवों को सड़क पर रखकर राजमार्ग को दोनों ओर से जाम कर दिया। देखते ही देखते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। भीड़ चालक की तत्काल गिरफ्तारी और मृतकों के परिजनों को मुआवजे की मांग कर रही है। मौके पर पहुंची कोटवा थाना पुलिस जाम हटाने की कोशिश कर रही है, लेकिन भीड़ के गुस्से के कारण हालात काबू में नहीं आ पा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि हादसे में करीब 12 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घायलों के बेहतर इलाज के लिए जिला प्रशासन ने तत्काल आपात निर्देश जारी किए हैं। मोतिहारी सदर अस्पताल में अतिरिक्त बेड और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कई घायलों को रेफर भी किया गया है।
भीड़ का आरोप है कि दीपउ मोड़ पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन ने अब तक न तो स्पीड ब्रेकर लगाया और न ही कोई सुरक्षा उपाय किए हैं। इसी लापरवाही के चलते यह बड़ा हादसा हुआ है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक ठोस कार्रवाई की घोषणा नहीं होती, वे जाम नहीं हटाएंगे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती कर दी गई है। दंगा नियंत्रण टीम भी मौके पर पहुंच गई है। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के जिम्मेदार ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है और उसके मालिक से पूछताछ चल रही है।
हाईवे जाम होने से एंबुलेंस सहित सैकड़ों वाहन फंसे हैं, जिससे आम लोगों और मरीजों को भारी परेशानी हो रही है। प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और पुलिस जांच में सहयोग करने की अपील की है।

