धनबाद।

झरिया के अलकडीहा ओपी क्षेत्र अंतर्गत साउथ तिसरा बेलधौड़ा स्थित सुरुंगा तालाब के समीप किराना व्यवसायी संतोष सिंह के घर पर शनिवार की रात हथियारा से लैश अपराधियों ने धावा बोलकर डकैती की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान विरोध करने पर अपराधियों ने गृहस्वामी संतोष सिंह को गोली मारकर घायल कर दिया। घटना में डकैतों ने घर से 6 हजार नगद सहित दो मोबाइल और चार हजार के समान लूट लिया। वहीं अपराधियों के भागने के दौरान गृहस्वामी सहित उनके पुत्र व पुत्री ने हिम्मत दिखाते हुए एक अपराधी को पकड़ लिया। शोर सुनकर पहुॅचें आसपास लोगों ने पकड़े गए अपराधी की जमकर पिटाई कर दी। पकड़े गए अपराधी की शिनाख्त हैदर उर्फ सलीम अंसारी कतरास निवासी के रुप में की गई है।घटना की सूचना पाकर मौके पर पहॅुची पुलिस ने पकड़े गए अपराधी को अपने कब्जे में लेते हुए मामले की जांच में जुटी है। वहीं घायल गृह स्वामी को ईलाज के लिए एसएनएमएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी अनुसार गृहस्वामी संतोष सिंह का घर पर ही राशन की दुकान है। साथ ही वो गाय पालन कर दूध का कारोबार भी करते हैं। घटना की रात उनकी शादीशुदा बेटी प्रमिला देवी और बेटा सूर्य प्रताप सिंह (25) भी घर में मौजूद था। सूर्य प्रताप देर रात ही कोलकाता से वापस घर आया था। रात में सभी अपने कमरे में सो रहे थे। संतोष सिंह और उनकी पत्नी रूबी देवी जिस कमरे में सो रहे थे, रात में उसके दरवाजे को 6 से 7 डकैतों ने तोड़ने की कोशिश की। संतोष सिंह को लगा कि उनकी गाय आ गई होगी और उन्होंने दरवाजा खोल दिया। तभी बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें रस्सी से बांध दिया। बदमाश घर और राशन की दुकान में घुस गए। बदमाशों ने दुकान में रखे 6 हजार रुपये नकदी और दो मोबाइल लेकर भागने लगे। इसी बीच संतोष सिंह के बेटा और बेटी भी नींद से जाग गए और भागते हुए वो पिता के कमरे में पहुंचे। इसी बीच बदमाशों ने चार राउंड फायरिंग की और भागने लगे। इस फायरिंग के दौरान एक गोली संतोष सिंह के जांघ पर लग गई। प्रमिला और सूर्य प्रताप ने एक बदमाश को पकड़ लिया और उसे रस्सी से बांध दिया।