Patna News:- बिहार के सीतामढ़ी जिले के पुनौराधाम में शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने माँ सीता के भव्य मंदिर की आधारशिला रखी। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन महंत कौशल किशोर दास की अगुवाई में हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, गिरिराज सिंह, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा समेत कई दिग्गज नेता व संत समाज शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने साफ कहा कि बांग्लादेश या अन्य देशों से आए घुसपैठियों को हर हाल में मतदाता सूची से बाहर किया जाएगा। जो भारत में जन्मा नहीं, उसे संविधान मतदान का अधिकार नहीं देता। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) इसी उद्देश्य से हो रहा है, लेकिन विपक्ष बिना कारण हंगामा कर रहा है।
अमित शाह ने तंज कसते हुए कहा कि क्या राजद और कांग्रेस उन लोगों को बचाना चाहते हैं जो बांग्लादेश से आकर बिहार के युवाओं की नौकरियां छीन रहे हैं? उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस के शासनकाल में देशभर में बम धमाके होते थे और आतंकी पाकिस्तान भाग जाते थे। लेकिन मोदी सरकार में पुलवामा हमले का जवाब एयर स्ट्राइक से और पहलगाम हमले का जवाब आतंकियों को पाकिस्तान में घुसकर खत्म कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को अगर घुसपैठियों का वोट चाहिए, तो बिहार की जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। शाह ने यह भी कहा, “मैं बनिए का बेटा हूं, हिसाब लेकर आया हूं। पीएम मोदी ने पिछले 6 दौरों में बिहार को 83 हजार करोड़ रुपये की सौगात दी है।”
पुनौराधाम में करीब 67 एकड़ भूमि पर मंदिर, यज्ञ मंडप, म्यूजियम, ऑडिटोरियम, कैफेटेरिया, खेल मैदान, धर्मशाला, सीता वाटिका और अन्य पर्यटन सुविधाएं बनाई जाएंगी। बिहार सरकार ने इसके लिए 883 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है और 3 साल में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है।

