East Chamapran:- जिले में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। छतौनी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो से शराब की होम डिलीवरी करने वाले एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया है। आरोपी की स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई है।
थानाध्यक्ष छतौनी सुनील कुमार ने बताया कि गिरफ्तार कारोबारी की पहचान रंजन कुमार उर्फ विशाल कुमार, निवासी बड़ा बरियारपुर वार्ड संख्या-45 के रूप में की गई है। आरोपी अपने स्कॉर्पियो (नंबर—एचआर 26 बी / 6385) में शराब छुपाकर घर-घर सप्लाई करता था। पुलिस ने उसके वाहन से ब्लेंडर प्राइड की 750 एमएल की 2 बोतल और आईडी ब्लू की 180 एमएल की 10 बोतल बरामद की हैं।
जांच में सामने आया है कि आरोपी बेहद चालाकी से शराब अपने घर के सामने स्थित सिंदुरिया नदी में छुपाकर रखता था और डिमांड मिलने पर ग्राहकों को डिलीवरी करता था। फिलहाल पुलिस स्कॉर्पियो के कागजात खंगाल रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वाहन आरोपी का है या फिर चोरी का। पुलिस उसके अन्य साथियों की भी तलाश कर रही है।
इधर, जिले के अन्य इलाकों में भी पुलिस ने शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पताही थाना पुलिस ने छापेमारी कर 187.20 लीटर नेपाली शराब के साथ दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, केसरिया पुलिस ने एक बाइक पर लदे 40 लीटर देसी चुलाई शराब के साथ एक धंधेबाज को दबोचा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में शराब तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। लगातार सघन जांच और छापेमारी से शराब माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।

