Patna News:- बिहार के सहरसा जिले में रविवार को एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें बाइक सवार एक महिला और उसके दो वर्षीय मासूम बेटे की मौत हो गई। दुर्घटना पूर्वी कोसी तटबंध के अंदर चिड़ैया थाना क्षेत्र के रैठी–भेलाही मार्ग पर हुई, जहां तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान मानसी थाना क्षेत्र के बलहा बाजार निवासी अमित सादा की पत्नी 25 वर्षीय काजल देवी और उनके दो वर्षीय बेटे वीर कुमार के रूप में हुई है। हादसे में अमित और उनका एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की स्थिति फिलहाल नाजुक बनी हुई है।
चिड़ैया थाना पुलिस के अनुसार, ट्रक मेटल अनलोड कर वापस खगड़िया की ओर लौट रहा था। इसी दौरान बलहा बाजार से लौट रहे अमित अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ बाइक से रैठी की ओर जा रहे थे। रैठी आरा मील के नजदीक पहुंचते ही हाइवा अचानक अनियंत्रित हो गया और बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयावह थी कि काजल देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल मासूम को तुरंत डॉक्टर के पास ले जाया गया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसने भी दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चिड़ैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हाइवा ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। कई बार शिकायत करने के बावजूद यातायात नियंत्रण के उपाय नहीं किए गए, जिसकी वजह से ऐसी घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं।
पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

