Hazaribagh : रामनवमी को लेकर झारखंड पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। इसी कड़ी में डीजीपी तदाशा मिश्रा ने हजारीबाग पहुंचकर जुलूस मार्ग का रूट वेरिफिकेशन किया। यह पहली बार है जब किसी डीजीपी ने खुद मौके पर पहुंचकर इस तरह की तैयारियों का जायजा लिया हो। उनके इस दौरे को प्रशासनिक स्तर पर बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इससे साफ संदेश गया है कि इस बार सुरक्षा में किसी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं होगी।
सड़कों पर उतरा प्रशासन, हर पॉइंट की हुई जांच
रूट वेरिफिकेशन के दौरान जिले के तमाम अधिकारी सड़कों पर मौजूद रहे। झंडा चौक पर डीजीपी खुद सड़क पर उतरीं और पूरे रूट की जानकारी ली। इसके अलावा बड़ा अखाड़ा में उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति का आकलन किया। इस दौरान बोकारो रेंज के आईजी, हजारीबाग एसपी और उपायुक्त भी मौजूद रहे। डीजीपी ने मौके पर ही कई जरूरी निर्देश दिए और साफ कहा कि सुरक्षा में लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
जामा मस्जिद रोड बना सबसे संवेदनशील इलाका
रामनवमी जुलूस का सबसे संवेदनशील हिस्सा जामा मस्जिद रोड को माना जाता है। इसी वजह से डीजीपी ने इस रूट का विशेष रूप से निरीक्षण किया। वे खुद पुलिस टीम के साथ पैदल इस इलाके में पहुंचीं और सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की। प्रशासन के लिए हर साल इस रूट से जुलूस को सुरक्षित निकालना बड़ी चुनौती होता है, जिसे देखते हुए इस बार अतिरिक्त फोर्स और कड़े इंतजाम किए गए हैं।
हाई लेवल मीटिंग और मॉक ड्रिल से मजबूत हुई तैयारी
रूट वेरिफिकेशन से पहले डीजीपी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उच्च स्तरीय बैठक की। इसमें जिले के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई और कई अहम निर्देश जारी किए गए। पहले ही तीन से चार बार फ्लैग मार्च और दो जगह मॉक ड्रिल हो चुकी है, जिससे पुलिस की तैयारी और भी मजबूत हुई है।
Read More : Godda में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, डायन-बिसाही के शक में दंपति और बेटे की हत्या
उत्सव में उमंग, लेकिन कानून से समझौता नहीं
डीजीपी तदाशा मिश्रा ने साफ कहा कि आम जनता रामनवमी का त्योहार पूरे उत्साह से मनाए, लेकिन कानून तोड़ने की किसी को इजाजत नहीं होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस बार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हजारीबाग में पहली बार इतनी व्यापक और सख्त सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिल रही है, जिससे प्रशासन पूरी तरह किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

