Dhanbad News:- धनबाद जिले के राजगंज थाना क्षेत्र के चालीबंगला के पास सोमवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। जामताड़ा से बोकारो के लगु पहाड़ में आयोजित आदिवासी मंच के कार्यक्रम में शामिल होने जा रही दो बसों की आपस में भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में 12 यात्री घायल हो गए, जिनमें एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आगे चल रही बस धीमी रफ्तार में जा रही थी, तभी पीछे से आ रही दूसरी बस ने तेज गति से उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बसों में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कुछ लोग सीटों से गिर पड़े। हादसे में पीछे वाली बस का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आगे की बस में बैठे एक यात्री के पैर की हड्डी टूट गई। बाकी घायलों को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही राजगंज पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार बसों में सवार यात्री कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे और अधिकांश ग्रामीण क्षेत्र से जुड़े हुए थे।
हादसे के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया। रात होते-होते पुलिस ने क्रेन की सहायता से दोनों बसों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल किया। फिलहाल पुलिस ने दोनों बसों को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना का मुख्य कारण तेज रफ्तार और लापरवाही को माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने सरकार से मांग की है कि इस क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

