Patna News:- बिहार के वैशाली जिले में मंगलवार सुबह हाजीपुर–लालगंज मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। धनुषी गांव के पास बस और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, ऑटो हाजीपुर से यात्रियों को लेकर लालगंज की ओर जा रही थी। इसी दौरान लालगंज से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने ऑटो को जबरदस्त टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
दुर्घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग भारी संख्या में मौके पर जुट गए। गुस्साए ग्रामीणों ने हाजीपुर–लालगंज मार्ग को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना था कि इस सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग की वजह से अक्सर हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ गोपाल मंडल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को शांत करने की कोशिश की और आश्वासन दिया कि मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा तथा घायलों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर नियमित रूप से निगरानी बढ़ाने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

