Hazaribag News :- श्री ज्वेलर्स गोलीकांड मामले में हजारीबाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात उत्तम यादव गिरोह के नौ सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने सभी आरोपितों को उस समय धर-दबोचा, जब वे किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे थे।
गिरफ्तार किए गए अपराधियों में शक्ति गिरी, मनीष यादव, मुकेश कुमार सोनी, राहुल कुमार वर्मा, शुभम अग्रवाल, गोलू कुमार, रवि रोशन कुमार, नितिन कुमार और बादल कुमार सिंह शामिल हैं। पुलिस ने सभी को रोड मार्च कराते हुए जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, शक्ति गिरी और मनीष यादव ने 22 जून को हजारीबाग स्थित श्री ज्वेलर्स दुकान पर फायरिंग की थी। पूछताछ में सभी आरोपितों ने अपने जुर्म कबूल कर लिए हैं। उनके कब्जे से दो पिस्टल (9 एमएम और 7.65 एमएम), चार जिंदा गोलियां, केएफ 8 एमएम की तीन जिंदा गोलियां, एक ग्रैंड विटारा कार, एक पल्सर बाइक और कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि इस गिरोह का सरगना उत्तम यादव अब भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी पुलिस की प्राथमिकता बनी हुई है। एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि फरार मास्टरमाइंड को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस कार्रवाई से हजारीबाग में आपराधिक गिरोहों के खिलाफ पुलिस की सख्ती का साफ संदेश गया है।

