Hazaribag News:- हजारीबाग पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कोर्रा थाना क्षेत्र से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से अफीम और डोडा सहित नगद राशि, एक कार और मोबाइल फोन बरामद किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी की रोकथाम के प्रयासों को मजबूती मिली है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 13 दिसंबर को पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन को गुप्त सूचना मिली कि कोर्रा थाना क्षेत्र के कनहरी हिल के पास कुछ तस्कर अफीम और डोडा की खरीद-बिक्री में संलिप्त हैं। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल ने कनहरी हिल के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक स्वीफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार सवार तेज गति से भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर कार को रोकने में सफलता पाई और उसमें सवार दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की से भारी मात्रा में अफीम और डोडा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इशु कुमार सिंह उर्फ नन्हे, पटना रोड उर्जना, थाना-बरही और विजय कुमार गुप्ता उर्फ विक्की, रसोइया धमना, थाना-बरही, हजारीबाग के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे अफीम और डोडा खूंटी जिले के तमाड़ रायडीह से लेकर बरही की ओर जा रहे थे। उनके पास से कुल 1.980 किलोग्राम अफीम, 20 किलोग्राम डोडा, 5,500 रुपये नगद, एक स्वीफ्ट कार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस उपाधीक्षक अमित आनंद ने रविवार को प्रेस कांफ्रेंस कर मामले की जानकारी दी और बताया कि मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि तस्करों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस गिरफ्तारी से हजारीबाग और आसपास के क्षेत्रों में मादक पदार्थ तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।

