Ranchi News:- झारखंड की राजधानी रांची में लगातार हो रही भारी बारिश का असर हटिया डैम पर साफ दिखने लगा है। शुक्रवार को डैम का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया, जिसके चलते एहतियातन धुर्वा स्थित हटिया डैम के तीन नंबर फाटक को खोल दिया गया। जल संसाधन विभाग के अनुसार, बीते कुछ दिनों से डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा था। विभाग द्वारा पहले भी फाटक खोलने का प्रयास किया गया था, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते सफलता नहीं मिल सकी। पहले प्रयास में फाटक में लगी लोहे की तार टूट गई थी, जिससे पानी नहीं छोड़ा जा सका। इसके बाद विभाग के इंजीनियर और तकनीकी टीम लगातार मरम्मत कार्य में जुटे रहे।
अंततः शुक्रवार को सफलता मिली और तीन नंबर फाटक से पानी का बहाव शुरू किया गया। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन बारिश जारी रही तो हालात बिगड़ सकते हैं।
डैम से पानी छोड़े जाने के दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। तेज बहाव की लहरें और गिरते पानी का दृश्य लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।
प्रशासन ने जलभराव और संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है।

