Ranchi News:- राजधानी रांची में हो रही लगातार बारिश के बीच हटिया डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ता जा रहा है। इसी को देखते हुए मंगलवार को जल संसाधन विभाग ने डैम के गेट नंबर-3 को खोलने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी खामी के कारण फाटक एक इंच भी नहीं खुल सका। गेट खोलने के दौरान नट-बोल्ट स्लिप हो रहे थे, जिससे बैरियर और जाम हो गया। इस कारण फाटक खोलने की प्रक्रिया पूरी तरह विफल हो गई। मौके पर उपस्थित तकनीकी कर्मियों और जूनियर इंजीनियरों ने बताया कि जल्द ही तकनीकी सुधार कर फिर से गेट खोलने की कोशिश की जाएगी।
इस बीच डैम का फाटक खुलने की खबर सुनकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग डैम परिसर में इकट्ठा हो गए। स्थिति बिगड़ने पर धुर्वा थाना की पुलिस ने मोर्चा संभाला और लोगों को हटाने का प्रयास किया। हालांकि, चेतावनी के बावजूद कुछ लोग डैम के नीचे तक पहुंच गए, जिन्हें बाद में सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया।
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल डैम की स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन लगातार हो रही बारिश को देखते हुए विभाग अलर्ट मोड में है। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा और तकनीकी दल डैम पर नजर बनाए हुए हैं।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे डैम क्षेत्र में अनावश्यक रूप से भीड़ न लगाएं और सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी को टाला जा सके।

