Katihar News:- कटिहार में एनडीए की नामांकन सभा में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में विकास की उपलब्धियों और सरकार की योजनाओं का जोरदार प्रदर्शन किया। सभा में उन्होंने कहा कि बिहार की पहचान विकास और विकास की एक निरंतर धारा के रूप में बनी है, और सही नियत एवं दमदार नेतृत्व से कोई भी प्रदेश विकास की राह पर आगे बढ़ सकता है।
सैनी ने कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार ने बीते 11 वर्षों में बिहार को विकास परियोजनाओं के लिए 14.85 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता प्रदान की है। उन्होंने कहा कि जब तक नारी शक्ति आत्मनिर्भर नहीं होगी, तब तक देश का विकास अधूरा है। इसी उद्देश्य से एनडीए सरकार ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 10,000 रुपये देने का काम किया है और जीविका निधि में 105 करोड़ रुपये खातों में जमा किए गए हैं।
शिक्षा क्षेत्र में उन्होंने बताया कि बिहार में 38 नए इंजीनियरिंग कॉलेज खोले गए हैं। बिजली की उपलब्धता 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 100 प्रतिशत की गई है। सड़कों का जाल बिछाया गया और हर गांव तक सड़क पहुंचाई गई है। गंगा पर 7 नए पुल बनाए गए और पटना में मेट्रो सेवा शुरू की गई।
सैनी ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन 400 रुपये से बढ़ाकर 1,100 रुपये कर दी गई है। गरीब परिवारों को 2 लाख रुपये देने की योजना बनाई गई है और किसानों के खातों में 27,000 करोड़ रुपये की किसान सम्मान निधि पहुंचाई गई है। मखाना उत्पादक क्षेत्र के किसानों को लाभ पहुँचाने का काम भी किया गया है।
उन्होंने बताया कि एनडीए सरकार छठ महापर्व को यूनेस्को की अमृत सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल कराने के प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बिहार के लोगों के लिए काम करने का वादा भी किया गया है।
सैनी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, “हमें कटिहार जिले के सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों से एनडीए के प्रत्याशियों को भारी बहुमत से जीताना है। विकसित भारत बनाने के लिए नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार को मजबूत करना होगा।”
इस अवसर पर अररिया के सांसद प्रदीप सिंह, विधान पार्षद अशोक कुमार अग्रवाल, पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी, चतरा के पूर्व सांसद एवं कटिहार प्रभारी सुनील कुमार सिंह, पूर्व विधायक विभाष चंद्र चौधरी और पूर्व विधान पार्षद राजवंशी सिंह सहित स्थानीय सभी वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

