East champaran- बेतिया जिले के नौतन थाना क्षेत्र के खैरा टोला वार्ड नंबर 14 में शनिवार दोपहर अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने आधा दर्जन घरों को जलाकर राख कर दिया। इस हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति की क्षति हुई और आधा दर्जन बकरियां भी आग की भेंट चढ़ गईं। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आए घरों में गौरी चौधरी, रामबाबू चौधरी, श्रीराम चौधरी, लाल बाबू चौधरी और सतन चौधरी के घर शामिल थे। इन घरों में रखे कपड़ा, अनाज, बर्तन, नगद और अन्य घरेलू सामान सब कुछ जलकर राख हो गया।
बताया गया कि शनिवार की सुबह घर से सभी सदस्य खेतों में धान की कटनी करने गए थे। इसी दौरान दोपहर के समय अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते घर के सामान और बकरियां जल गईं। स्थानीय ग्रामीणों ने खेतों में काम कर रहे परिवार वालों और पुलिस को तुरंत घटना की जानकारी दी।
आग बुझाने की कोशिश में सतन चौधरी बुरी तरह झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय पीएचसी ले जाया गया। गंभीर हालत के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए बेतिया रेफर किया गया।
इस मामले में सीओ अलका कुमारी और थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंच कर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। प्रशासन प्रभावित परिवारों की मदद और आग लगने के कारणों की जांच में जुटा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग इतनी तीव्र थी कि घर में रखा सब कुछ जल गया और इससे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रशासन ने कहा है कि प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराई जाएगी।

