जमुई: बिहार के जमुई जिले से शनिवार सुबह एक बेहद सनसनीखेज घटना सामने आई है। टाउन थाना क्षेत्र के नीमारंग मोहल्ले में एक नवनिर्मित मकान के ग्राउंड फ्लोर से तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली आठ वर्षीय बच्ची का शव बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बच्ची शुक्रवार शाम से ही लापता थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका था।
मृत बच्ची की पहचान नीमारंग मोहल्ला निवासी मोहम्मद इकबाल की आठ वर्षीय बेटी शाहिना परवीन के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शाहिना शुक्रवार शाम करीब सात बजे घर से खेलने के लिए निकली थी। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी। काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों और परिचितों के यहां उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों का कहना है कि बच्ची के लापता होने की सूचना टाउन थाना पुलिस को भी दी गई थी। उनका आरोप है कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की और सुबह थाने आकर शिकायत करने की बात कही गई। शनिवार सुबह परिजन पुलिस से संपर्क करने की तैयारी कर ही रहे थे, तभी बच्ची के शव मिलने की सूचना सामने आई।
बताया गया कि नीमारंग निवासी भवन निर्माण ठेकेदार मोहम्मद जुबेराइल को उसके एक मजदूर ने नवनिर्मित मकान के ग्राउंड फ्लोर में बच्चे का शव पड़े होने की जानकारी दी। इसके बाद ठेकेदार ने बच्ची के परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल स्वयं मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर विधि-विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को बुलाया गया है। टीम मौके से साक्ष्य जुटाने और घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच में लगी है।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बच्ची के घर से निकलने के बाद उसकी गतिविधियों और घटना से जुड़े संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी मिल सके।
स्थानीय लोगों और परिजनों की ओर से बच्ची के साथ गलत घटना के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस तरह के किसी आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि FSL जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही बच्ची की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल आठ वर्षीय बच्ची की मौत से पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।


