Ramgarh News:- शहर के चट्टी बाजार में शनिवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर करीब तीन घंटे तक जाम कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद जाम समाप्त कराया जा सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सदर थाना क्षेत्र के कोठार गांव निवासी संजय ठाकुर की पुत्री नेहा कुमारी (17) भुरकुंडा स्थित जेएम कॉलेज पढ़ने के लिए घर से निकली थी। वह एक ऑटो (टेंपो) में सवार होकर कॉलेज जा रही थी। चट्टी बाजार के पास अचानक सड़क पर आए एक कुत्ते को बचाने के प्रयास में ऑटो चालक ने संतुलन खो दिया, जिससे टेंपो पलट गया। इस हादसे में नेहा गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से ऑटो को सीधा किया गया और घायल छात्रा को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा की मौत की पुष्टि होते ही ऑटो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। वे शव को सदर अस्पताल से लेकर बाजार टांड़ पुलिस चेकपोस्ट के पास पहुंचे और सड़क पर शव रखकर जाम कर दिया। जाम के कारण मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना पर अंचल अधिकारी रमेश रविदास और सदर थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत किया और सरकारी प्रावधानों के अनुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के समझाने के बाद लगभग तीन घंटे बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया।
जाम हटने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस फरार ऑटो चालक की तलाश में जुट गई है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
