Giridih News:- गिरीडीह पुलिस ने बुधवार को लोगों के चेहरे पर खुशी लौटा दी। चोरी, गुमशुदा और लूटपाट में खोए 100 मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को वापस कर दिए गए। “आपका मोबाइल फिर से आपको” नामक इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन न्यू समाहरणालय परिसर में किया गया, जहां डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉ. विमल कुमार ने मोबाइल फोन लौटाए।
कार्यक्रम में महिला से लेकर बुजुर्ग तक बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। किसी का मोबाइल एक साल पहले चोरी हुआ था तो किसी का महीनों पहले गुम गया था। अपने फोन वापस पाकर लोगों की आंखों में संतोष और खुशी साफ झलक रही थी। डीसी रामनिवास यादव ने कहा कि आज के समय में मोबाइल केवल संपर्क का साधन नहीं, बल्कि जीवन का अहम हिस्सा है। इसमें व्यक्तिगत डेटा, बैंकिंग और पढ़ाई-लिखाई से जुड़ी सूचनाएं रहती हैं। ऐसे में मोबाइल की वापसी लोगों के लिए बड़ी राहत है।
एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि पुलिस का यह अभियान लंबे समय से चल रहा है। गुमशुदा या चोरी हुए मोबाइल को ट्रैक कर वापस करना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास बनाए रखना बेहद जरूरी है और यह पहल उसी दिशा में एक मजबूत कदम है।
इसी मौके पर गिरिडीह पुलिस को अपराध नियंत्रण और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए 30 आधुनिक रिस्पांस राइडर्स की सौगात मिली। डीसी और एसपी ने संयुक्त रूप से इन बाइक राइडर्स को हरी झंडी दिखाकर जिले के चारों अनुमंडलों के लिए रवाना किया।
प्रत्येक बाइक जीपीएस, विशेष सायरन और भीड़ नियंत्रण उपकरण से लैस है। इनका इस्तेमाल त्योहारों के दौरान शांति बनाए रखने, ट्रैफिक सिस्टम दुरुस्त करने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए किया जाएगा। एसपी ने कहा कि रिस्पांस राइडर्स सीधे कंट्रोल रूम से जुड़े रहेंगे और सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई करेंगे।
स्थानीय प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न सिर्फ अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी बल्कि असामाजिक तत्वों और हुड़दंगियों पर भी लगाम लगेगी।

