Giridih News : नक्सली गतिविधियों से जुड़े एक मामले में बिहार एसटीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो नक्सली आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में जमुई जिले के चरकापत्थर थाना क्षेत्र के चिलकाखार गांव निवासी दरोगी यादव का पुत्र पंकज यादव और कोडरमा जिले के सतगांवा थाना क्षेत्र के तांतीभागलपुर गांव निवासी सुदामा सिंह का पुत्र पवन सिंह शामिल हैं। दोनों आरोपियों को गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई को बिहार एसटीएफ और बेंगाबाद पुलिस ने मिलकर अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों आरोपियों की काफी समय से तलाश की जा रही थी।
सूचना मिलने के बाद एसटीएफ ने बनाई रणनीति
पुलिस के अनुसार पटना एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी बेंगाबाद थाना इलाके में छिपकर रह रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पटना एसटीएफ की टीम तुरंत गिरिडीह पहुंची और पूरे मामले की जानकारी गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार को दी गई। इसके बाद एसपी ने सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव को निर्देश दिया कि बिहार पुलिस को हर संभव सहयोग दिया जाए। इसी निर्देश के बाद बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस और पटना से आई एसटीएफ टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
कई जिलों में दर्ज हैं नक्सली मामलों के केस
पुलिस की जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ कई थानों में नक्सली गतिविधियों से जुड़े मामले दर्ज हैं। बिहार के जमुई जिले के चरकापत्थर थाना कांड संख्या 143/25 में दोनों का नाम शामिल है, जो एक नक्सली घटना से जुड़ा हुआ है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी भाकपा माओवादी संगठन के सक्रिय सदस्य हैं। इनके खिलाफ जमुई, चकाई, चरकापत्थर और चंद्रदीप थानों के अलावा झारखंड के गिरिडीह जिले के तिसरी ब्लॉक और कोडरमा जिले के सतगांवा थाना में भी मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि दोनों ने चरकापत्थर थाना क्षेत्र में जेल से बेल पर बाहर आए नक्सली लखन यादव को गोली मारकर फरार हो गए थे।
Read More : गिरिडीह में बिहार STF की बड़ी कार्रवाई, दो नक्सली गिरफ्तार
घेराबंदी कर मंझलाटोल गांव से की गई गिरफ्तारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों फरार आरोपी पुलिस से बचने के लिए बेंगाबाद थाना क्षेत्र के गोलगो पंचायत के मंझलाटोल गांव में शरण लिए हुए हैं। इसके बाद एसटीएफ पटना की टीम इंस्पेक्टर अयोध्या प्रसाद के नेतृत्व में बेंगाबाद थाना पहुंची। स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर पूरे इलाके की घेराबंदी की गई और सटीक कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को बिहार एसटीएफ अपने साथ ले गई है। बताया जा रहा है कि उनसे पूछताछ के आधार पर कई अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी की गई है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
