Monday, 20 May 2024 || 22:40

Giridih:  आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो रविवार को बेंगाबाद, गिरिडीह में आयोजित ग्राम प्रभारी एवं चुल्हा प्रमुख सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान महतो ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि झामुमो ने सालों तक गांडेय में ‘राज’ किया है, लेकिन क्षेत्र का विकास नहीं खुद का विकास करना झामुमो की प्राथमिकता रही है। विकास झारखंड मुक्ति मोर्चा के शब्दकोश में नहीं है। अब यहां से राजा परिवार चुनाव लड़ने की तैयारी में है। राजा परिवार जहां हाथ रख दे, उस सीट को खाली करनी पड़ती है। अब जनता को तय करना है कि उसे चेहरा चाहिए या काम।

सुदेश कुमार महतो ने कहा कि जनता को बिना बताए यहां के विधायक का इस्तीफा जनादेश का अपमान है। एक परिवार के निजी स्वार्थ और सत्ता की महत्वाकांक्षा का परिणाम है यहां का उपचुनाव। इन्होंने जनता को छलने का काम किया है। इसका जवाब जनता अपने वोट के चोट से देगी। उन्होंने कहा कि राज्य को कुशल नेतृत्व देना हमारा लक्ष्य है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए हमारे सभी कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम है। कार्यकर्ता पार्टी द्वारा दी गयी सांगठनिक जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी तन्मयता के साथ करें। मैं भी एक कार्यकर्ता हूं। सांगठनिक मजबूती के आधार पर हम सभी मिलकर गांडेय में राजनीतिक बदलाव करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक 10 चूल्हा का नेतृत्व हमारा चूल्हा प्रमुख कर रहे हैं। पार्टी ने पृष्ठभूमि देखकर नहीं उनकी काबिलियत देख कर गरीब परिवार से आने वाले लोगों को महत्वपूर्ण दायित्व दिया है।

डॉ. भीमराव अंबेडकर को किया नमन

सम्मेलन से पूर्व सभा स्थल पर पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। मौके पर उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने शोषितों व वंचितों के हक की लड़ाई लड़ी। उनके विचारों को हम सभी को अपनाने और उनके दिखाए गए रास्ते पर चलने की आवश्यकता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version