Ramgarh News: झारखंड के रामगढ़ और हजारीबाग जिले के सीमावर्ती गिद्दी क्षेत्र में एक सीसीएल कर्मी की बेरहमी से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गिद्दी ए स्थित सीसीएल क्वार्टर में शनिवार की रात दो अपराधियों ने घर में घुसकर मंगलेश सिंह उर्फ हैप्पी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मंगलेश की मौत हो गई। वारदात के बाद अपराधी उनकी पत्नी को बंधक बनाकर फरार हो गए। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पत्नी के सामने पति पर बरसाए चाकू
जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात मंगलेश सिंह अपनी पत्नी के साथ घर में बैठकर टीवी देख रहे थे। इसी दौरान दो लोग अचानक उनके क्वार्टर में पहुंचे और मंगलेश पर चाकू से हमला कर दिया। पति पर हमला होता देख पत्नी ने अपराधियों से उन्हें छोड़ देने की गुहार लगाई।

बताया जाता है कि महिला अपराधियों के सामने बार-बार विनती करती रही कि वे घर का कीमती सामान ले जाएं, लेकिन उसके पति की जान बख्श दें। इसके बावजूद हमलावरों का दिल नहीं पसीजा। उन्होंने मंगलेश सिंह पर चाकू से कई वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई।
पत्नी के हाथ-पैर बांधे, मुंह पर लगाया टेप
हत्या करने के बाद अपराधियों ने मृतक की पत्नी के हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर टेप चिपका दिया, ताकि वह शोर मचाकर किसी को घटना की जानकारी न दे सके। इसके बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए। रविवार सुबह पड़ोसियों को घटना की जानकारी मिली। उन्होंने महिला को बंधन से मुक्त कराया और पुलिस को सूचना दी। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में सनसनी फैल गई।
पहले से टूटा था मंगलेश का पैर
बताया जा रहा है कि मृतक मंगलेश सिंह का पैर पहले से टूटा हुआ था। ऐसी स्थिति में घर में घुसकर उनकी हत्या किए जाने से कई सवाल उठ रहे हैं। आखिर अपराधियों ने मंगलेश को ही निशाना क्यों बनाया और हत्या के पीछे क्या मकसद था, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलने पर पुलिस रविवार को घटनास्थल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी सीसीएल क्वार्टर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
साथ ही संदिग्धों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस मृतक के परिजनों से भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल हत्या की वजह और अपराधियों की पहचान को लेकर जांच जारी है।




