Khunti News: भाजपा के नवनियुक्त झारखंड प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल सोमवार को अपने पहले झारखंड प्रवास के दौरान खूंटी पहुंचे। नेताजी चौक पर भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद पटेल ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस, शहीद-ए-आजम भगत सिंह और मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
खूंटी पहुंचने के बाद गजेंद्र पटेल भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए किए गए योगदान को याद किया। पटेल ने कहा कि बिरसा मुंडा की पवित्र धरती पर पहुंचना उनके लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है।

उलिहातू में उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों से भी मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने जनजातीय समाज से जुड़े विषयों को समझने और क्षेत्र की परिस्थितियों की जानकारी लेने पर जोर दिया।
खूंटी लौटने के बाद पत्रकारों से बातचीत में गजेंद्र पटेल ने कहा कि झारखंड का प्रदेश प्रभारी बनने के बाद पहली बार राज्य आने पर उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पहुंचकर आशीर्वाद लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन सामूहिक प्रयास और कार्यकर्ताओं की मेहनत से और मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं समेत जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े सवालों को पार्टी मजबूती से उठाती रहेगी।
पटेल ने आदिवासी समाज के विकास को लेकर भाजपा की नीतियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में जनजातीय मंत्रालय का गठन किया गया था। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा लगातार आदिवासी समाज के विकास और उत्थान के लिए काम कर रही है और आने वाले समय में पार्टी को समाज का समर्थन मिलेगा।
अपने दौरे के दौरान गजेंद्र पटेल भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष कड़िया मुंडा के आवास पर भी पहुंचे। उन्होंने कड़िया मुंडा से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया और संगठन से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी, प्रदेश मंत्री सह जिला प्रभारी सुनीता सिंह, पूर्व विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा, कोचे मुंडा सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


