Jammu Kashmir News:- जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले की राजगढ़ तहसील में शनिवार को बादल फटने से बड़ा हादसा हो गया। इस प्राकृतिक आपदा में चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता बताया जा रहा है। अचानक आई बाढ़ से इलाके में भारी तबाही हुई और स्थानीय जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बचाव दल ने मलबे और पानी से प्रभावित क्षेत्र से चार शव बरामद किए हैं। वहीं लापता व्यक्ति की तलाश जारी है। राहत और बचाव कार्य में पुलिस के साथ-साथ प्रशासन और स्थानीय लोग भी लगे हुए हैं।
घटना के बाद केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर जानकारी दी कि उन्होंने रामबन के उपायुक्त मोहम्मद अयाज़ खान से बात की है। उन्होंने कहा, “राजगढ़ क्षेत्र में बादल फटने से चार लोगों की दुर्भाग्यपूर्ण मौत हो गई है। एक व्यक्ति अभी भी लापता है। सौभाग्य से किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बचाव अभियान जारी है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।”
वहीं, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी पोस्ट में कहा गया है कि उन्होंने जान-माल की हानि पर शोक जताया है और जिला प्रशासन को तत्काल राहत व बचाव अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं।
राजगढ़ क्षेत्र में हुई इस घटना ने एक बार फिर घाटी में प्राकृतिक आपदाओं की चुनौती को उजागर कर दिया है। फिलहाल स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करने में जुटा हुआ है।

