चाईबासा।
उग्रवादियों के खिलाफ चलाए गए अभियान में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शुक्रवार को भाकपा माओवादी संगठन के कई कांडों में वांछित चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही इनकी निशानदेही पर 120चक्र जिंदा कारतूस, इंसास राइफल का मैगजीन एवं वॉकी टॉकी सहित संगठन के बैनर पोस्टर को बरामद किया गया है । पकड़े गए चारों उग्रवादी भाकपा माओवादी संगठन के सुरेश मुंडा दस्ते का सदस्य है।

शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ नाथू सिंह मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के सुरेश मुंडा का दस्ता सदस्य दमन विरोधी सप्ताह को लेकर सोनुवा थाना क्षेत्र में झींगा मार्चा एवं आसपास के क्षेत्र में पोस्टर बाजी करने के लिए सक्रिय हैं। इस सूचना पर जिला पुलिस की एक टीम द्वारा अभियान के दौरान प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के कई कांडों में वांछित उग्रवादी सूर्या उर्फ सूर्या सोए उर्फ सिंहराई सोए, विजय सोए उर्फ दुग्गा सोए, वसंती हेंब्रम उर्फ गुरुवारी हेंब्रम, पुण्डी सुंडी को माओवादियों के बैनर एवं पोस्टर के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं पकड़े गए उग्रवादियों की निशानदेही पर नचलदा स्कूल के पास स्थित पहाड़ी से जिंदा कारतूस, एक इंसास राइफल का मैगजीन एवं वॉकी टॉकी बरामद किया गया है।
गिरफ्तार उग्रवादी सुर्या सोए के खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में 22 मामले दर्ज है। जबकी विजय सोए के खिलाफ 8 , वसंती हेम्ब्रम और पुण्डी सुंडी के खिलाफ 4-4 मामले दर्ज है। छापेमारी में पुलिस अवर निरीक्षक सोहन लाल, सुबोध सिंह मुंडा, पंकज कुमार, निर्भय कुमार गुप्ता व सअनि खेला मुर्मु शामिल थें।