Ramgarh News:-रामगढ़ जिले के सीसीएल कुजू क्षेत्र अंतर्गत करमा परियोजना में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। अवैध कोयला खनन के दौरान चाल धंसने से चार लोगों की मौत हो गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। एक शव को मौके पर ही रखकर ग्रामीणों और स्थानीय संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है, जबकि तीन शवों को ग्रामीण पहले ही निकालकर ले जा चुके हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महुआटुंगरी गांव के कुछ ग्रामीण शनिवार की अहले सुबह सीसीएल के लीज क्षेत्र करमा परियोजना में कोयला चोरी करने पहुंचे थे। इसी दौरान खनन स्थल पर एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया और चार लोग उसके नीचे दब गए। घटना होते ही अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर तीन शवों को बाहर निकाल लिया।
सूत्रों की मानें तो सीसीएल प्रशासन की ओर से हादसे को छुपाने का प्रयास किया गया। अधिकारियों ने पेलोडर मशीन लगाकर धंसे हुए इलाके से जल्दबाजी में शव हटाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान स्थानीय संगठन जेएलकेएम के नेता बिहारी महतो घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल पर ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मुआवजा और जिम्मेदारी तय करने की मांग
बिहारी महतो ने कहा कि यह घटना सीसीएल की घोर लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था की विफलता को उजागर करती है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को तत्काल 10 लाख रुपये मुआवजा, एक परिजन को नौकरी, और घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
पुलिस और प्रशासन राहत कार्य में जुटे
घटना की सूचना पाकर कुजू थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश में लगी है। समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी है और एक शव अब भी घटनास्थल पर मौजूद है।
यह हादसा न सिर्फ अवैध खनन की भयावह सच्चाई को सामने लाता है, बल्कि सीसीएल की सुरक्षा निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है।

