Giridih News:- साइबर अपराध के खिलाफ गिरिडीह पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चार शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो देश के विभिन्न हिस्सों में ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। गिरफ्तार अपराधियों में दीपू कुमार मंडल उर्फ दीपक कुमार मंडल, छोटी मंडल उर्फ छोटे लाल मंडल, श्रवण राय और मोहित कुमार मंडल शामिल हैं।
साइबर डीएसपी आबिद खान ने बुधवार को बरवाडीह साइबर थाना में प्रेस वार्ता कर बताया कि इनमें से दो अपराधियों को अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के बुधुडीह से जबकि दो अन्य को गिरिडीह बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया। इन सभी के खिलाफ पहले से कई राज्यों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
डीएसपी ने जानकारी दी कि छोटे लाल मंडल के खिलाफ तेलंगाना के हैदराबाद में साइबर अपराध के 65 से ज्यादा केस दर्ज हैं, जबकि दीपक मंडल पर अहिल्यापुर थाना और एनसीसीआरपी पोर्टल में शिकायतें दर्ज हैं।
पूछताछ में चारों आरोपियों ने कबूल किया कि वे केवाईसी अपडेट, आधार कार्ड अपडेट और दिल्ली जल बोर्ड के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर लोगों को ठगते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति लिंक पर क्लिक करता, उसकी बैंक जानकारी हैक कर ली जाती और पैसे निकाल लिए जाते थे।
डीएसपी के अनुसार, दीपक मंडल के पिता हल्दी के व्यापारी थे, लेकिन बेटे ने गलत रास्ता अपनाकर साइबर अपराध की दुनिया में कदम रख दिया। वहीं श्रवण राय और मोहित कुमार मंडल पर भी कई थानों में केस दर्ज हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।

