Bhagalpur News:- बिहार के भागलपुर जिले में सोमवार को गंगा नदी में स्नान करने गए चार मासूम बच्चों की डूबकर मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना नवगाछिया अनुमंडल के इस्माईलपुर प्रखंड अंतर्गत नवटोलिया गांव के बजरंगबली मंदिर के पास की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चारों बच्चे सुबह घर से साइकिल से गंगा स्नान के लिए नवटोलिया घाट पहुंचे थे। स्नान के दौरान एक बच्चा अचानक गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में अन्य तीन बच्चे भी उसी में समा गए और चारों की मौत हो गई।
पूर्व मुखिया मनोहर कुमार मंडल और वर्तमान मुखिया अनिल कुमार ने बताया कि बच्चों ने पहले घाट पर कुछ देर खेल-कूद किया, फिर स्नान करने लगे। इसी दौरान हादसा हुआ। मरने वालों में एक बच्चे की पहचान मिथिलेश मंडल के 10 वर्षीय पुत्र के रूप में हुई है, जबकि अन्य तीन बच्चे पास के छठु सिंह टोला के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के ग्रामीण भी घाट पर उमड़ पड़े।
स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिलते ही नवगाछिया और गोपालपुर से एम्बुलेंस भेजी गई, लेकिन तब तक सभी बच्चे दम तोड़ चुके थे। स्थानीय अस्पताल लाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सभी मृतक बच्चे 15 वर्ष से कम उम्र के थे।
इधर पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जांच में जुट गई है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रशासन ने घटना पर गहरा शोक जताया है और मुआवजे की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है।
गांव में इस हृदयविदारक घटना के बाद छठ पर्व की खुशियां मातम में बदल गई हैं। हर किसी की आंखें नम हैं और लोग हादसे को लेकर गहरी संवेदना जता रहे हैं।
