Nawada News:- बिहार के नवादा जिले में एक युवती के साथ गैंगरेप की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घटना में शामिल चारों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए नवादा के पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने बताया कि सभी आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता इलाज के लिए उत्तर प्रदेश के लखनऊ गई थी और वहां से गया लौटी थी। एक रात गया में अपने रिश्तेदार के यहां ठहरने के बाद, अगले दिन परिजनों ने उसे गया से नवादा जाने वाली बस पर बैठा दिया।
युवती जब नवादा के सद्भावना चौक पहुंची, तो वह घर जाने के लिए एक ई-रिक्शा में सवार हुई। ई-रिक्शा चालक ने रास्ते में अपने दो अन्य साथियों को बुला लिया और उसे रसूलनगर इलाके के एक सुनसान घर में ले गए। वहां पहले से मौजूद चौथे युवक के साथ मिलकर चारों ने युवती को बंधक बनाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
घटना के बाद आरोपियों ने पीड़िता का मोबाइल छीन लिया और उसे धमकाकर वहां से भगा दिया। किसी तरह पीड़िता गोंदापुर टीओपी पहुंची और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को आपबीती सुनाई। इसके बाद मामला नगर थाना को सौंपा गया, जिसने तत्परता दिखाते हुए सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाया गया है और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस जघन्य घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल कर न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।

