East Champaran News:- जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रक्सौल पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर रक्सौल थाना क्षेत्र में चलाए जा रहे अभियान के दौरान 25 ग्राम स्मैक के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया। रक्सौल थाना इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जोकीयारी गांव स्थित एक बगीचे में छापेमारी की। इस दौरान तीन स्मैक तस्करों—श्याम बाबू साह (भगवानपुर कौड़िहार), दीपक कुमार (कौड़िहार धांगड़टोली) और श्रवण कुमार गुप्ता (कौड़िहार)—को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। उनके पास से तकरीबन 25 ग्राम स्मैक बरामद की गई।पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवकों ने रक्सौल मौजे निवासी रामचंद्र महतो का नाम बतौर सप्लायर सामने रखा। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके घर छापेमारी कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि यह नेटवर्क काफी समय से सक्रिय था।
इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार ने बताया कि सभी चारों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस लगातार अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान चला रही है। पिछले कुछ महीनों में 200 से अधिक नशा कारोबारियों को पकड़कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध व्यापार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र को नशा मुक्त बनाया जा सके।

