Jamtara News:- झारखंड की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने सूर्या हांसदा एनकाउंटर को लेकर गंभीर आरोप लगाया है रविवार को जब अर्जुन मुंडा सड़क मार्ग से गोड्डा जिले के डकेयता गांव (थाना ललमटिया) जाने के क्रम में जामताड़ा के पोसोई मोड़ पर पहुंचे, तो उनका स्वागत भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में भाजपा नेता तरुण कुमार गुप्ता, सुनील हांसदा, दुबराज मंडल और सुरेश राय समेत कई कार्यकर्ताओं ने किया।
मीडिया से बातचीत के दौरान अर्जुन मुंडा ने कहा कि सूर्या हांसदा का एनकाउंटर फर्जी तरीके से किया गया है। वह गरीबों और असहाय लोगों की आवाज़ बने थे और सरकार को लगातार घेरने का काम कर रहे थे। इसलिए उनकी हत्या की गई।
पूर्व मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि भाजपा सूर्या हांसदा के परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर कदम उठाएगी। उन्होंने एलान किया कि वे मृतक के परिजनों से मिलेंगे और इस पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग करेंगे।
मुंडा ने दो टूक कहा –
“न्याय दिलाने के लिए चाहे हमें कुछ भी करना पड़े, हम पीछे नहीं हटेंगे। भाजपा सूर्या हांसदा के परिवार के साथ खड़ी है।”
अब देखना होगा कि अर्जुन मुंडा की इस मांग पर राज्य सरकार क्या कदम उठाती है और क्या सूर्या हांसदा एनकाउंटर की गुत्थी सीबीआई जांच तक पहुँचती है या नहीं।

