Godda News:- गोड्डा जिले के बोआरीजोर थाना क्षेत्र के रहरबारिया स्थित जोलोकुंडी पहाड़ में सोमवार देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी और पूर्व भाजपा नेता सूर्य नारायण हांसदा उर्फ सूर्या हांसदा मारा गया। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में घटना का पूरा ब्यौरा साझा किया।
एसपी के अनुसार, सूर्या हांसदा के खिलाफ साहिबगंज और गोड्डा जिलों में 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें कोयला-पत्थर ढुलाई में रंगदारी वसूली, ट्रक आगजनी, और खदान क्षेत्र में गोलीबारी जैसे गंभीर आरोप शामिल थे। बीते महीने ट्रक जलाने और खदान में फायरिंग की दो बड़ी घटनाओं के बाद पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) बनाई थी, जो पिछले दो माह से उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।
बरहेट में साहिबगंज और गोड्डा पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक में सूर्या के गैंग को पकड़ने की रणनीति तय हुई। इस दौरान सूचना मिली कि वह देवघर के नावाडीह इलाके में छिपा हुआ है। देवघर पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम उसे रहरबारिया जंगल में हथियार बरामदगी के लिए ले गई।
पुलिस के अनुसार, मौके पर सूर्या के साथियों ने अचानक पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस बीच, सूर्या ने एक पुलिसकर्मी को धक्का देकर उसका हथियार छीनने और भागने की कोशिश की, लेकिन मुठभेड़ में गोली लगने से उसकी मौत हो गई।
घटनास्थल से पुलिस ने एक देसी कट्टा, एक देसी पिस्तौल, कई जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए। एसपी मुकेश कुमार ने बताया कि सूर्या पहले भी कई बार पुलिस से भिड़ चुका था, इसलिए टीम पूरी तैयारी के साथ गई थी। उन्होंने दावा किया कि पूरी कार्रवाई पारदर्शी ढंग से हुई और इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि फर्जी मुठभेड़ की आशंकाओं को पूरी तरह खत्म किया जा सके।

