Koderma News: कोडरमा वन्य प्राणी प्रक्षेत्र के सिरसिरवा जंगल में शुक्रवार को अवैध पत्थर उत्खनन के खिलाफ वन विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से सघन छापामारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई में तीन पोकलेन मशीनें जब्त की गईं और 5 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
वन प्रमंडल पदाधिकारी वन्य प्राणी प्रक्षेत्र (DFO) सूरज कु सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि सिरसिरवा जंगल क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध खनन हो रहा है। सूचना के आधार पर उन्होंने रेंजर रामबाबू कुमार को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद कोडरमा पुलिस और वन विभाग की टीम ने संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया।
हालांकि कार्रवाई की भनक लगते ही अधिकांश अवैध खनन में संलिप्त लोग मौके से फरार हो गए। बावजूद इसके, टीम ने जंगल से तीन पोकलेन मशीनों व दो बाइक को जब्त किया और मौके पर मौजूद छह संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
अभियान में कोडरमा थाना प्रभारी विकास कुमार पासवान, वनरक्षी छत्रपति शिवाजी, कुंदन यादव, दुर्गा महतो, सिकंदर यादव, उस्मान अंसारी और गोपाल यादव समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल था। टीम ने बताया कि जब्त पोकलेन मशीनों के मालिकों और अवैध उत्खनन में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

