Bhojpur News: बिहार के भोजपुर जिले में मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बिहियां चौरास्ता मुख्य मार्ग पर जांच के दौरान छह चक्का DCM ट्रक के गुप्त तहखाने से 3,544.56 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इस मामले में दिल्ली और हरियाणा के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है।
विभाग के अनुसार, दशहरा पर्व को देखते हुए जिले में अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सहायक आयुक्त मद्यनिषेध रजनीश को गुप्त सूचना मिली कि एक ट्रक के जरिए भारी मात्रा में विदेशी शराब बिहार लाई जा रही है। सूचना के बाद निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया।

गुप्त तहखाने में छिपाकर रखी गई थी शराब
19 अक्टूबर 2026 को मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग, भोजपुर और राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की संयुक्त टीम ने बिहियां थाना क्षेत्र के बिहियां चौरास्ता मुख्य मार्ग पर वाहन जांच के दौरान उत्तर प्रदेश के पंजीकरण नंबर UP86AT-1928 वाले DCM ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त तहखाने का पता चला। इसके अंदर बड़ी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी।
जांच में कुल 14,040 बोतल इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की बरामद हुई। इनमें 180 मिलीलीटर की 9,792 बोतलें, 375 मिलीलीटर की 3,744 बोतलें और 750 मिलीलीटर की 504 बोतलें शामिल हैं। विभाग ने शराब की कुल मात्रा 3,544.56 लीटर बताई है। जब्त शराब की कीमत करीब 45 लाख रुपये आंकी गई है।
दिल्ली और हरियाणा के दो आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक कुलवीर सिंह, निवासी न्यू रोशनपुरा, थाना नजफगढ़, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली और सतीश कुमार, निवासी रोहतक, हरियाणा को गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। विभागीय जानकारी के अनुसार, आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
छापेमारी दल में निरीक्षक अनिल कुमार, सहायक अवर निरीक्षक मदन लाल यादव और सहायक अवर निरीक्षक राणा विकास समेत मद्यनिषेध सिपाही, सैप और गृह रक्षक बल के जवान शामिल थे।
विभाग ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। त्योहारों के दौरान शराब की तस्करी पर रोक लगाने के लिए वाहन जांच और निगरानी तेज की गई है।


