West Champaran News:- पश्चिम चंपारण जिले के दियारा क्षेत्रों में बाढ़ ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार हो रही बारिश और गंडक बराज से छोड़े गए पानी के कारण नौतन बैरिया ब्लॉक के मंगलपुर, काला भगवानपुर और शिवराजपुर पंचायत के कई हिस्सों में बाढ़ का पानी घुस गया है। इस कारण गांव के लोग पलायन करने को मजबूर हो गए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव तक आने-जाने के रास्तों पर तीन से चार फीट पानी भर गया है, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। लोग अपने घरों से निकलने और आवश्यक सामान लाने-जाने के लिए नाव का सहारा ले रहे हैं। मवेशियों के चारे और आजीविका के साधनों के लिए भी उन्हें नाव पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक जलस्तर बढ़ने के बावजूद अंचल प्रशासन ने उन्हें पहले से कोई सूचना नहीं दी। इस वजह से अधिकांश लोग तैयार नहीं थे और बिना नाव के सुरक्षित स्थानों पर पहुंचना उनके लिए बड़ी समस्या बन गया है। कई परिवार अपने घरों से निकलने में असमर्थ हैं क्योंकि उनके पास नाव उपलब्ध नहीं है।
ग्रामीण शांति देवी, बेदामी देवी, गया चौधरी, सत्यनारायण चौधरी, विश्वनाथ चौधरी, एकबाली चौधरी, छोटेलाल चौधरी, सत्येन्द्र यादव और उर्मीला चौधरी ने बताया कि उनके घरों और आंगन में पानी घुस चुका है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि चुनाव के समय नेता वोट मांगने तो आते हैं, लेकिन आपदा की घड़ी में कोई मदद के लिए सामने नहीं आता।
लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल राहत और सहायता की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ की स्थिति दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है, ऐसे में उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और भोजन-पानी व स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जानी चाहिए।
