Nawada News:- बिहार के नवादा जिले में बुधवार को करमा पर्व के दिन बड़ा हादसा हो गया। पकरीबरमा थाना क्षेत्र के दतरौल गांव में आहार (तालाब) में नहाने गए पांच लोगों की डूबकर मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में मातम छा गया है
जानकारी के अनुसार, गांव की महिलाएं और बहनें करमा पर्व मना रही थीं। इसी दौरान कई लोग तालाब में स्नान करने गए। लेकिन कुछ लोग गहरे पानी में चले गए और बाहर नहीं निकल पाए। देखते-ही-देखते पांच लोगों की डूबकर मौत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग तालाब की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने खुद ही शवों को निकालने का प्रयास शुरू किया। हालांकि अभी तक शवों की औपचारिक पहचान नहीं हो पाई है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम को भी सूचना दी गई है।
एक ओर जहां करमा पर्व की खुशी और पूजा का माहौल था, वहीं इस हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। अधिकारियों का कहना है कि शवों को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा और मृतकों की पहचान कराई जाएगी। साथ ही मामले की जांच भी की जाएगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल त्योहारों के मौके पर तालाब और आहारों में भीड़ जुटती है। ऐसे में सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम न होना चिंता की बात है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षा उपाय किए जाएं।

