Giridih News:- गिरिडीह पुलिस ने साइबर अपराध पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जामताड़ा नेटवर्क से जुड़े पांच शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। इनमें साइबर ठगी के दो मुख्य सरगना भी शामिल हैं।
एसपी डॉ. विमल कुमार ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि प्रतिबिंब पोर्टल से मिली सूचना के आधार पर गांडेय थाना क्षेत्र के बघरा रेलवे ओवरब्रिज के पास बालीडीह में छापेमारी की गई।
साइबर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रामेश्वर भगत के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मौके से पांच अपराधियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार ठगों में अफताब अंसारी, परवेज अंसारी, तफाजुल अंसारी, तबरेज अंसारी और नियाज अंसारी शामिल हैं। सभी जामताड़ा और देवघर जिले के निवासी हैं।
पुलिस ने इनके पास से 12 मोबाइल फोन (जिनमें तीन आईफोन शामिल हैं) और 15 सिम कार्ड बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे फर्जी बैंक अधिकारी बनकर, लिंक भेजकर और मोबाइल ऐप के जरिये आम लोगों के खातों से पैसे उड़ाते थे।ठगी की रकम फर्जी खातों में मंगाई जाती थी, जिसके बाद गिरोह के सदस्य नकद रूप में आपस में बांट लेते थे।
एसपी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि गिरिडीह पुलिस साइबर अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है और ऐसे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए कार्रवाई जारी है

