Rohtas News:- रोहतास जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र के बांदू गांव में मंगलवार को सोन नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नहाने गए पांच बच्चे नदी के गहरे पानी में चले गए, जिनमें एक बच्ची की मौत हो गई। मृतका की पहचान बांदू गांव निवासी रविरतन पांडेय उर्फ गुल्ली पांडेय की 14 वर्षीय पुत्री श्रेया पांडेय के रूप में हुई है।
घटना मंगलवार दोपहर की है, जब गुल्ली पांडेय के घर से सात बच्चे मनरसा के सामने सोन नदी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान अचानक साक्षी कुमारी (15), रेशमी कुमारी (18), श्रेया कुमारी (13), सिद्धार्थ पांडेय (15) और एक अन्य बच्चा गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ में मौजूद बच्चों ने शोर मचाया तो पास ही नहा रहे गुल्ली पांडेय दौड़ पड़े। उन्होंने किसी तरह अपने बेटे सिद्धार्थ, साक्षी और रेशमी को बचा लिया, लेकिन बेटी श्रेया का पता नहीं चल पाया।
बेटी को बचाने की कोशिश में गुल्ली पांडेय खुद भी डूबने लगे, पर स्थानीय नाविक जटा चौधरी ने उन्हें किसी तरह बाहर निकाला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और प्रशासन को सूचना दी। एंबुलेंस मौके पर पहुंची और तीनों बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि तीनों की स्थिति अब स्थिर है।
इधर, ग्रामीण गोताखोरों की मदद से श्रेया की तलाश शुरू की गई और लगभग दो घंटे बाद उसका शव बरामद कर लिया गया। सूचना मिलते ही नौहट्टा थानाध्यक्ष दीवाकर कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि, परिजनों की सहमति न मिलने के कारण पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।

