नालंदा।
अज्ञात अपराधियों ने एकंगरसराय थाना क्षेत्र के धोबिया टोला में मंगलवार की रात गोली मारकर एक खटाल संचालक टोला निवासी महेंद्र यादव की हत्या कर दी। वे शारीरिक तौर पर दिव्यांग थे और खटाल चलाकर जीविकोपार्जन करते थे। सूचना पर घटनास्थल पहुंची पुलिस ने एक गोली का खोखा और एक पिस्टल बरामद किया है। जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन की जा रही है।
जानकारी अनुसार मंगलवार की रात में कुछ लोग खटाल के बगल तालाब में मछली मार रहे थे। इस बीच अपराधियों ने किवाड़ खुलवा कर खटाल संचालक को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत मौके पर ही हो गई। मृतक के भाई गुड्डू यादव ने बताया कि पूर्व में मछली मारने से मना करने पर कुछ लोगों से विवाद हुआ था। साथ ही उन लोगों से भूमि विवाद भी था। जिससे खार खाए लोगों ने हत्याकांड को अंजाम दिया है। थाना अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही हत्या में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
