Bhagalpur News:- बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को भाजपा नेता विवेकानंद प्रसाद उर्फ बबलू यादव पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला हुआ। यह घटना टीएनबी लॉ कॉलेज गली के पास हुई, जहां बबलू यादव अपने घर की छत पर टहल रहे थे। घटना के मुताबिक, सुरज तांती अपने साथियों के साथ हथियार लेकर मौके पर पहुंचे और बबलू यादव पर दो राउंड फायरिंग की। गोली लगने से भाजपा नेता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है .प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हमला पुराने विवाद से जुड़ा हुआ है। कुछ दिन पहले पास के फल दुकानदार देवानंद और सूरज तांती के बीच झगड़ा हुआ था। इस झगड़े की जानकारी बबलू यादव ने स्थानीय पुलिस थाना को दी थी। पुलिस ने उस समय देवानंद को गिरफ्तार कर लिया था। माना जा रहा है कि इसी का बदला लेने के लिए सूरज तांती ने आज बबलू यादव पर हमला किया।
घटना का पूरा वीडियो CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है। पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की खोज तेज कर दी है। इलाके में तनाव बढ़ गया है, और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने कहा है कि किसी भी परिस्थिति में कानून को हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा। इस हमले के बाद चुनावी माहौल में चिंता बढ़ गई है। पुलिस जनता से अपील कर रही है कि मामले की जांच में सहयोग दें और अफवाहों से बचें।
भागलपुर में हुए इस हमले ने बिहार विधानसभा चुनाव की सुरक्षा व्यवस्था और राजनीतिक तनाव पर भी सवाल खड़ा कर दिया है।

