Godda News:- जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ईसीएल की राजमहल परियोजना में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। ठेका संचालित कंपनी अंबे माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड के लालघुटवा–लोहंडिया के बीच स्थित डंपिंग एरिया में शनिवार को हथियारबंद अपराधियों ने फायरिंग कर दहशत फैलाई और खनन कार्य में लगी मशीनों को आग के हवाले करने का प्रयास किया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो हथियारबंद अपराधी अचानक डंपिंग एरिया में पहुंचे और वहां कार्यरत डोजर ऑपरेटर को गाली-गलौज करते हुए मौके से भागने को कहा। इसके बाद अपराधियों ने एक डोजर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की। इसी दौरान पास खड़े दूसरे डोजर की ओर फायरिंग कर दी गई। गोली डोजर के केबिन में जा फंसी, जिससे वहां मौजूद कर्मियों में दहशत फैल गई और सभी जान बचाकर गार्ड रूम की ओर भागे।
सूचना मिलते ही महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आज़ाद, ललमटिया थाना प्रभारी रौशन कुमार सिंह और बोआरीजोर थाना प्रभारी आशीष यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से पेट्रोल की बोतल, माचिस और डोजर के केबिन में फंसी गोली बरामद की है।
एसडीपीओ चंद्रशेखर आज़ाद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा डंपिंग एरिया में घुसकर फायरिंग और आगजनी का प्रयास किया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अपराधियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
घटना को लेकर साइड सुपरवाइजर मुरलीधर, डोजर ऑपरेटर मुनचुन कुमार और गार्ड खुर्शीद अंसारी ने बताया कि ब्लास्टिंग के दौरान डोजर साइड में खड़ा था। उसी दौरान दो अज्ञात बदमाश पहुंचे, गाली-गलौज की और हथियार निकालकर दो राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली वाहन के शीशे में लगी, जिससे शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। बाद में डोजर में आग लगाने की कोशिश की गई, हालांकि आग मामूली होने के कारण समय रहते बुझा ली गई।
उल्लेखनीय है कि राजमहल परियोजना क्षेत्र में इस तरह की आपराधिक घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इसी वर्ष मई माह में तालझारी साइड स्थित एएमपीएल पैच पर भी हथियारबंद अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग की थी। लगातार हो रही घटनाओं से खनन कंपनियों और कर्मियों में भय का माहौल बना हुआ है।

