Motihari News: जिले में एक BPSC शिक्षक पर अपने ही विद्यालय की नाबालिग छात्रा को प्रेम प्रसंग में फंसाने और उसे शादी की नीयत से ले जाने का गंभीर आरोप लगा है। परिजनों का दावा है कि शिक्षक की कथित हरकतों से परेशान होकर उन्होंने छात्रा को स्कूल छुड़ाकर उसके ननिहाल भेज दिया था। आरोप है कि इसके बावजूद शिक्षक वहां पहुंचा और छात्रा को अपने साथ लेकर चला गया। मामले में छात्रा की मां ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराकर पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
एक साल पहले परिजनों को मिली थी जानकारी
परिजनों के अनुसार, BPSC शिक्षक प्रशांत कुमार पांडेय ने छात्रा को शादी का झांसा देकर अपने प्रेम जाल में फंसा लिया था। परिवार को करीब एक वर्ष पहले इस कथित संबंध की जानकारी मिली। इसके बाद परिजनों ने शिक्षक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके मुताबिक कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला। परिवार ने सामाजिक बदनामी के डर से उस समय पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई।
स्कूल छुड़ाकर ननिहाल भेजा, फिर भी संपर्क में रहने का आरोप
परिजनों का कहना है कि स्थिति को देखते हुए उन्होंने बेटी का स्कूल छुड़वा दिया और उसे उसके ननिहाल भेज दिया, ताकि वह शिक्षक के संपर्क से दूर रह सके। हालांकि, आरोप है कि शिक्षक मोबाइल फोन के जरिए छात्रा से संपर्क बनाए हुए था।
बाजार जाने के दौरान छात्रा के गायब होने का दावा
परिवार के मुताबिक, कुछ दिन पहले छात्रा अपने ननिहाल में बाजार गई थी। इसी दौरान शिक्षक पर उसे शादी की नीयत से अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद छात्रा की मां के फोन पर शिक्षक ने कथित तौर पर बताया कि छात्रा उसके पास सुरक्षित है। इसके बाद परिजनों ने शिवहर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई और पुलिस से छात्रा को सुरक्षित बरामद करने की मांग की।
पुलिस कर रही मामले की जांच
शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस शिक्षक और छात्रा का पता लगाने में जुटी है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।


