Dhanbad News:- धनबाद जिले में जवाहर नवोदय विद्यालय, बेनगोरिया में कक्षा 6 के लिए सत्र 2025-26 के नामांकन प्रक्रिया में बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। कई अभ्यर्थियों द्वारा प्रवेश के लिए फर्जी प्रमाण पत्र जमा किए जाने के आरोप की जांच उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर की गई। अब जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद प्रशासन ने गंभीर कार्रवाई शुरू कर दी है।
उपायुक्त के आदेशानुसार एक विशेष जांच टीम गठित की गई थी, जिसने सभी दस्तावेजों की गहन जांच के बाद विस्तृत रिपोर्ट उपायुक्त को सौंप दी। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि 16 छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत प्रमाण पत्र संदेहास्पद एवं फर्जी पाए गए।
इसी आधार पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने संबंधित अभिभावकों पर कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया। निर्देश के अनुपालन में जवाहर नवोदय विद्यालय, बेनगोरिया के प्रभारी प्राचार्य द्वारा निरसा थाना में 16 अभिभावकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
जिन अभिभावकों पर FIR दर्ज की गई है, वे टुंडी अंचल, गोविंदपुर अंचल, पूर्वी टुंडी अंचल, बलियापुर तथा धनबाद अंचल के निवासी बताए गए हैं। जांच में पाया गया कि फर्जी प्रमाण पत्र का उपयोग कर कई अभ्यर्थी अनुचित तरीके से प्रवेश पाने की कोशिश कर रहे थे, जिससे न केवल प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित हुई, बल्कि योग्य विद्यार्थियों का हक भी मारा जा सकता था।
प्रशासन का कहना है कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर प्रवेश लेने की कोशिश गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई अनिवार्य है। धनबाद उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि अब इस तरह की घटनाओं पर ज़ीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आने वाले दिनों में इसमें और भी खुलासे होने की संभावना है। विद्यालय प्रशासन ने कहा है कि पारदर्शी और निष्पक्ष प्रवेश प्रक्रिया बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों पर कठोर कदम जरूरी हैं।

