Ranchi News:- झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने बहुप्रतीक्षित सिविल सेवा परीक्षा 2023 का अंतिम परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया है। इस परीक्षा में कुल 342 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं, जिन्हें झारखंड प्रशासनिक सेवा, पुलिस सेवा सहित विभिन्न विभागों में नियुक्ति दी जाएगी। इस बार जेपीएससी परीक्षा में अभय कुजूर ने टॉप किया है और उन्हें प्रशासनिक सेवा में पहला स्थान मिला है। वहीं, आशीष अक्षत ने पुलिस सेवा में सर्वोच्च रैंक हासिल की है।
टॉप 10 में स्थान बनाने वाले अन्य प्रतिभाशाली उम्मीदवारों में रवि रंजन कुमार, गौतम गौरव, श्वेता, राहुल कुमार विश्वकर्मा, रोबिन कुमार, संदीप प्रकाश, स्वाति केशरी और राजीव रंजन का नाम शामिल है।
जेपीएससी ने इस परीक्षा के जरिए कुल 342 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी, जिनमें डिप्टी कलेक्टर के 207 पद और डीएसपी के 35 पद प्रमुख थे। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया फरवरी 2024 में प्रारंभ हुई थी।
परीक्षा तीन चरणों में आयोजित की गई – प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार। प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा पास करने वाले 864 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था। मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू के अंकों के योग के आधार पर आयोग ने अंतिम चयन सूची जारी की है।
गौरतलब है कि इस बार की भर्ती प्रक्रिया में उम्मीदवारों को आयु सीमा में 7 वर्षों की विशेष छूट भी प्रदान की गई थी।
परीक्षार्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://www.jpsc.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट और चयन सूची देख सकते हैं।
