Dhanbad News:- धनबाद जिले के हीरापुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक भीषण अग्निकांड हुआ। बारिश के दौरान गिरी आकाशीय बिजली से धनबाद थाना के पीछे स्थित ट्रांसफॉर्मर रिपेयरिंग वर्कशॉप में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते वर्कशॉप में रखे पुराने और क्षतिग्रस्त ट्रांसफॉर्मर आग की चपेट में आ गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब साढ़े दस बजे जोरदार बिजली कड़कने के बाद वर्कशॉप से धुआं और लपटें उठती दिखाई दीं। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया।
आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दमकलकर्मियों को करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मौके की गंभीरता को देखते हुए माइनिंग रेस्क्यू टीम को भी बुलाया गया ताकि किसी आकस्मिक स्थिति से निपटा जा सके। टीम ने आग की दिशा और धुएं के फैलाव को नियंत्रित करने में सहयोग किया।
फायर ब्रिगेड कर्मियों ने बताया कि वर्कशॉप में रखे पुराने तेलयुक्त ट्रांसफॉर्मर के कारण आग तेजी से फैली। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया जिससे बड़ा नुकसान और संभावित विस्फोट टल गया।घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कई ट्रांसफॉर्मर पूरी तरह जल गए हैं। आग लगने से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
इस घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा घेरा बना दिया है और आग लगने के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है। बिजली विभाग और स्थानीय प्रशासन ने भी स्थल का निरीक्षण किया।

