Jamshedpur News:- जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय के सामने स्थित गौरव इंटरप्राइजेज नामक बिजली और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की दुकान में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। घनी आबादी वाले क्षेत्र में अचानक उठी लपटों ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी | प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय स्थानीय लोगों ने दुकान के शटर के नीचे से धुआं और आग की लपटें निकलते देख तत्काल दुकानदार को सूचना दी। जब तक शटर खोला गया, आग दुकान के अंदर तेजी से फैल चुकी थी और वहां रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान जलने लगे।
सूचना मिलते ही झारखंड अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। अब तक तीन दमकल घटनास्थल पर तैनात हैं। जुगसलाई बाजार में दुकानें और मकान एक-दूसरे से सटे हुए हैं, जिससे आग के फैलने का खतरा बढ़ गया था। इस कारण दमकलकर्मी पूरी सतर्कता के साथ बचाव कार्य कर रहे हैं।
आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट से हादसा हुआ हो सकता है। दुकान में मौजूद वायर, केबल, पंखे, लाइट और अन्य बिजली उपकरणों के जलने से धुएं का गुबार पूरे इलाके में फैल गया।
स्थानीय लोगों ने भी दमकलकर्मियों की मदद करते हुए आसपास की दुकानों से सामान हटाया, ताकि आग फैलने से बचा जा सके। मौके पर पुलिस बल भी पहुंचा और भीड़ को नियंत्रित करते हुए राहत-बचाव कार्य में सहयोग किया।
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, लेकिन अंदरूनी हिस्से में धधकते सामान को ठंडा करने का काम जारी है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन लाखों रुपये के सामान के जलने का अनुमान लगाया जा रहा है।

