Rohtas News:- रोहतास जिले के सासाराम नगर थाना क्षेत्र के जलगंज इलाके में मंगलवार की अहले सुबह बेखौफ अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी और उसके नाबालिग पुत्र को गोली मारकर घायल कर दिया। गोलीबारी की इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, शहर के मुबारक गंज निवासी स्वर्ण व्यवसायी अशोक सोनी (40 वर्ष) अपने जलगंज स्थित दुकान पर दीपावली की पूजा करा रहे थे। इसी दौरान दो बुलेट बाइक पर सवार छह हथियारबंद अपराधी मौके पर पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
इस गोलीबारी में व्यवसायी अशोक सोनी को तीन गोलियां लगीं, जबकि उनके 12 वर्षीय पुत्र राजवीर के पैर में गोली लगी। गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्र को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सदर अस्पताल, सासाराम ले जाया गया, जहां से अशोक सोनी की स्थिति नाजुक देखते हुए उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद बिना किसी बाधा के फरार हो गए। घटना के वक्त बाजार क्षेत्र में दीपावली की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अचानक हुई फायरिंग से अफरातफरी मच गई।
पुलिस ने बताया कि घटना सुबह तीन से चार बजे के बीच की है। प्रारंभिक जांच में यह साफ नहीं हो सका है कि अपराधियों का मकसद लूटपाट थी या किसी पुरानी रंजिश का परिणाम।
घटना की सूचना मिलते ही सासाराम एसडीपीओ दिलीप कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र की जांच की। उन्होंने बताया कि दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। व्यापारिक संगठनों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

