Jharkhand News: गढ़वा जिले के केतार थाना क्षेत्र में हुई 17 वर्षीय आकृति कुमारी की हत्या मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि किशोरी की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके पिता ने ही की थी। आरोपी पिता ने बेटी द्वारा राजस्थान में शादी करने से इनकार करने पर गुस्से में उसकी रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद वह घर में ताला बंद कर राजस्थान फरार हो गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
एसडीपीओ सत्येन्द्र नारायण सिंह ने गुरुवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 19 मई को परती कुशवानी गांव स्थित निर्मल सिंह के घर से तेज दुर्गंध आने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और निर्मल सिंह के पुत्र अविनाश कुमार सिंह की मौजूदगी में घर का ताला तोड़ा गया। कमरे के अंदर 17 वर्षीय आकृति कुमारी का शव बरामद हुआ था।
घटना के बाद मृतका के भाई अविनाश कुमार सिंह के फर्द बयान पर केतार थाना में पिता निर्मल सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि घटना के बाद आरोपी राजस्थान भाग गया था और जमानत के प्रयास में वापस गढ़वा आने वाला है।
27 मई को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी उत्तर प्रदेश के कोन क्षेत्र से होकर खरौंधी के रास्ते नगर ऊंटारी की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बजरमरवा के पास घेराबंदी कर निर्मल सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसने बेटी आकृति की शादी राजस्थान में तय कर दी थी, लेकिन वह वहां शादी करने के लिए तैयार नहीं थी। वह बेटी को अपने साथ राजस्थान ले जाने के लिए घर आया था, लेकिन बेटी लगातार जाने से इनकार कर रही थी। इसी बात से नाराज होकर उसने सो रही बेटी का रस्सी से गला घोंट दिया और घर में ताला लगाकर फरार हो गया।घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।


