East Champaran News:- जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत निमुईया मोड़ के पास मंगलवार देर रात एक बड़ी वारदात हुई। अपराधियों ने घर में घुसकर 55 वर्षीय महिला चंदा देवी की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतका निमुईया गांव निवासी उमाशंकर प्रसाद की पत्नी थी। घटना के समय घर पर महिला अकेली थी। जानकारी के अनुसार, मृतका का पति पास में ही स्थित अपने मिल पर सोने गए थे जबकि बड़ा बेटा घर पर मौजूद नहीं था। देर रात करीब 12 बजे उसका छोटा बेटा अपने चार दोस्तों के साथ मेला देखकर लौटा और करीब डेढ़ घंटे तक घर में रहा। इसके बाद सभी दोस्त अपने-अपने घर चले गए।
बुधवार सुबह जब ग्रामीणों को इस वारदात की जानकारी हुई तो इलाके में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही सदर डीएसपी दिलीप कुमार और एफएसएल की टीम वहां पहुंची और पूरे मामले की जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि मृतका का छोटा बेटा और उसके दोस्तों से लगातार पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में छोटे बेटे की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। हालांकि अभी तक हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर लिया जाएगा। पुलिस हर पहलू को खंगाल रही है ताकि यह साफ हो सके कि यह हत्या लूटपाट के इरादे से हुई या पारिवारिक विवाद की वजह से।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करे।

