Patna Newes:- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। यह धमकी एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा व्हाट्सएप पर भेजे गए संदेश के माध्यम से दी गई। चौंकाने वाली बात यह है कि यह संदेश सम्राट चौधरी के एक करीबी समर्थक के मोबाइल पर भेजा गया, जिसमें लिखा गया था – “हैलो सर, 24 घंटे के अंदर सम्राट चौधरी को गोली मार दूंगा। सच बोल रहा हूं।” इस धमकी भरे संदेश को गंभीरता से लेते हुए समर्थक ने तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोबाइल नंबर को ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पटना सिटी की सेंट्रल एसपी दीक्षा ने मीडिया को जानकारी दी कि उन्हें इस बारे में सूचना मिली है, लेकिन फिलहाल कोई आधिकारिक आवेदन नहीं प्राप्त हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि जांच प्रक्रिया जारी है और संदेश भेजने वाले मोबाइल नंबर का लोकेशन, रजिस्ट्रेशन डिटेल्स और अन्य जरूरी जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
इस पूरे मामले पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “जिसको जो करना है कर ले, हम बिहार की जनता के बीच विकास के काम में लगे हुए हैं और आगे भी लगे रहेंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की धमकियों से वे डरने वाले नहीं हैं।
पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा पहलुओं की समीक्षा कर रही है। मामला अब साइबर सेल और खुफिया एजेंसियों के हवाले किया जा सकता है, ताकि संदेश भेजने वाले की पहचान जल्द हो सके।

